Korba Crime: अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप और बोलेरो पिकअप जब्त
कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप और अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस ने कबाड़ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया है। मामले में इस्तगासा क्रमांक 04/26 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को सहायक उपनिरीक्षक चक्रधर सिंह राठौर पुलिस स्टाफ के साथ टाउन पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांकीमोंगरा से कुसमुंडा की ओर एक वाहन में अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम घुड़देवा 3-4 खदान के पास मुख्य मार्ग पर पहुंची और वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान बांकीमोंगरा की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक UP 96 AT 2495 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में करीब 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप और अन्य सामान लोड मिला। चालक की पहचान प्रथम यादव उर्फ निक्कू (23 वर्ष), निवासी बरभांठा, कसनिया मोड़, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई।
पुलिस ने चालक से परिवहन किए जा रहे कबाड़ के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष करीब 25 क्विंटल लोहे के स्क्रैप और अन्य सामान सहित बोलेरो पिकअप को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कबाड़ का सामान लखनपुर, कटघोरा निवासी दीपक साहू उर्फ ललुआ का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।



