छत्तीसगढ़

कवर्धा को घेर रहे किसान, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ शक्ति प्रदर्शन

किसान संघ की बलराम किसान न्याय यात्रा शुरू
छत्तीसगढ़संवाददाता
बोड़ला, 8 अक्टूबर। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ जिला कबीरधाम के आह्वान पर गुरुवार को बलराम किसान न्याय यात्रा ट्रैक्टर महारैली शुरू हो गई। जिले के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर कवर्धा पहुंच रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे से किसानों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
किसान संघ के अनुसार, करीब 400 से 500 ट्रैक्टरों के साथ किसान कवर्धा के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पहुंच चुके हैं, जिससे जिला मुख्यालय के आसपास आंदोलन का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। किसानों के अलग-अलग जत्थे निर्धारित मार्गों से पहुंचकर आंदोलन स्थल पर एकत्र हो रहे हैं।

छह मार्गों सहित मिनीमाता चौक पर मोर्चा
आंदोलन को व्यवस्थित करने के लिए किसान संघ ने बिलासपुर रोड, रायपुर रोड, लोहारा रोड, भोरमदेव रोड, गोगरी रोड, समनापुर रोड और मिनीमाता चौक पर अलग-अलग प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की है। इन स्थानों पर किसानों के पहुंचने और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी संबंधित प्रभारियों को दी गई है।

ट्रैक्टरों से शहर के प्रवेश मार्गों पर बढ़ा दबाव
सुबह से ही गांवों से किसानों के ट्रैक्टर कवर्धा की ओर पहुंचने लगे थे। बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के एक साथ पहुंचने से शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। आंदोलन के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
किसान अपने साथ राशन-पानी लेकर पहुंचे हैं। किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की तैयारी है।
छह प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन
किसान संघ की प्रमुख मांगों में शक्कर कारखानों को बंद नहीं करना, किसानों को 150 रुपये बोनस देना, धान का रकबा बढ़ाना, गन्ना उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये कृषक उन्नति योजना का लाभ देना, दोनों शक्कर कारखानों की क्षमता बढ़ाना और धान का समर्थन मूल्य 4,000 रुपये प्रति क्विंटल करना शामिल है।
प्रशासन-पुलिस भी अलर्ट
400 से 500 ट्रैक्टरों के साथ किसानों के जिला मुख्यालय पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। आंदोलन स्थल और शहर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल, कवर्धा में किसान आंदोलन का माहौल गरम है और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ट्रैक्टरों के साथ किसानों की मौजूदगी से जिला मुख्यालय में बड़ा शक्ति प्रदर्शन नजर आ रहा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button