हरियाणा में 5 अक्टूबर तक मौसम खुश्क रहेगा, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव

हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी होने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक 5 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं।
दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस हो सकती है। रात्रि तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आगामी दिनों के लिए किसानों को मौसम संबंधी जानकारी जारी की गई है। इस अवधि के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार भी 30 सितंबर के बाद राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।



