इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता से जज के कथित दुर्व्यवहार की बार एसोसिएशन ने की निंदा

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 5 नवंबर। इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन बिलासपुर ने निंदा प्रस्ताव पारित किया है। एसोसिएशन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की मांगों का समर्थन करते हुए अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोपरि बताया है।
एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की कोर्ट रूम नंबर 49 में न्यायमूर्ति अजय भनोट द्वारा अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया गया था।
इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने 2 नवंबर 2026 को आपात बैठक आयोजित की। बैठक में अध्यक्ष रजनीश सिंह बघेल, सचिव अनिल त्रिपाठी, उपाध्यक्ष गौतम खेत्रपाल, उपाध्यक्ष मांडवी भारद्वाज सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। एसोसिएशन ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित सर्वोपरि हैं और वह इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की मांगों के साथ खड़ी है।
बैठक में विजय साहू, आस्था शुक्ला, राहुल मिश्रा, हरप्रीत भाटिया, प्रज्ञा पांडेय, अमन पांडेय, अभिषेक पांडेय, त्रिवेणी शंकर साहू, शरद मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, उज्ज्वल चौबे, लक्ष्मीन कश्यप और दीप्ति शुक्ला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



