छत्तीसगढ़

कोरबा में सड़क हादसों का कहर, 24 घंटे में पांच लोगों की मौत

कुचेना अंडरब्रिज बंद होने के बाद भारी वाहनों के रास्ते पर दोपहिया चालक

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 5 नवंबर। जिले में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा की बदहाल व्यवस्था के बीच हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले 24 घंटे में तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। बुधवार सुबह कुसमुंडा-गेवरा टिपर मार्ग पर कोयला लदे ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार सीमा पटेल और बाइक सवार संजय कुमार की मौत हो गई। वहीं मोरगा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली।

कुसमुंडा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब आठ बजे रेलवे साइडिंग की ओर जाने वाले मोड़ के पास हादसा हुआ। दीपका निवासी सीमा पटेल स्कूटी से दीपका से कोरबा की ओर जा रही थीं। वहीं भैसमा निवासी संजय कुमार बाइक से कोरबा से दीपका की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान गेवर की ओर से कोयला लदा ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एएस 3431 पहुंचा। रेलवे साइडिंग के मोड़ पर चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर वाहन मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी और बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ा और दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

टक्कर के बाद सीमा सड़क के दूसरी ओर जा गिरीं, जबकि संजय ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान विक्रम पटेल की पुत्री सीमा पटेल और भगवत सिंह के पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों भैसमा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। संजय एक निजी कंपनी में काम करते थे और हादसे के वक्त ड्यूटी पर जा रहे थे।

सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रेलर और दोनों दोपहिया वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कुचेना अंडरब्रिज बंद किए जाने को भी दुर्घटना की वजह बताया। मरम्मत के नाम पर निर्माण एजेंसी ने सोमवार शाम अंडरब्रिज के भीतर गड्ढे भरने के लिए रास्ता बंद कर दिया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई।

मंगलवार को जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई तो कंपनी ने एसडीएम कार्यालय का आदेश दिखाया। आरोप है कि आदेश में भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन की अनुमति थी, जबकि हल्के वाहनों को गुजरने की छूट थी। इसके बावजूद सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता और लंबे समय से बनी सड़क संबंधी समस्याओं पर भी सवाल उठाए।

इधर, मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे बस स्टैंड के पास एक अन्य हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पोतोपाल निवासी बुधराम सिंह बिंझवार (26) और मोहन धनवार (20) किसी काम से मोरगा आए थे। बाइक से गांव लौटते समय तेज रफ्तार भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाकारक वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कुचेना अंडरब्रिज बंद होने के बाद बने वैकल्पिक मार्ग की स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रेमनगर में एनटीपीसी पुल के नीचे कोरबा-कुसमुंडा सड़क पर चक्काजाम किया। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ।

बाद में तहसीलदार, निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि, ठेकेदार, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अंडरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वैकल्पिक मार्ग की कमी, रोजाना लगने वाले जाम, खराब रोशनी और निर्माण संबंधी खामियों की ओर अधिकारियों का ध्यान दिलाया गया। अधिकारियों ने जल्द सुधार का आश्वासन दिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button