पराली जलाने के मुद्दे पर बीजेपी और आप नेता भिड़े

राजधानी दिल्ली में हवा के बढ़ते प्रदूषण के साथ ही पंजाब में पराली जलाने के मुद्दे पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गई है.
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि पराली जलाने की घटनाओं में 86 फ़ीसदी की कमी आई है, इसके बाद भी बीजेपी के नेता झूठ बोल रहे हैं.
संजय सिंह ने दावा किया कि साल 2021 में पंजाब में पराली जलाने के 71 हज़ार मामले दर्ज किए गए थे, जबकि साल 2025 में यह घटकर पांच हज़ार के क़रीब हो गया.
संजय सिंह ने कहा, मैं भारतीय जनता पार्टी, नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मनजिंदर सिंह सिरसा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर किसी से कहूंगा कि पढ़ लिखकर बात करें.
इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा था अरविंद केजरीवाल दिल्ली में हार का बदला ले रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आप सरकार किसानों पर दबाव डालकर पराली जलवा रही है.
दिल्ली में मंगलवार सुबह प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही एयर क्वालिटी बेहद ख़राब श्रेणी में पहुंच गई.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक़, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 332 दर्ज किया गया.
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 9 बजे तक दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से आठ केंद्रों पर एयर क्वालिटी गंभीर श्रेणी में रही.(bbc.com/hindi)


