केदारताल में लापता ट्रेकर्स की तलाश के दौरान मिले महिला और पुरुष के शव, पहचान नहीं हो सकी

-आसिफ़ अली
उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में केदारताल ट्रेक पर लापता आठ लोगों की तलाश के दौरान मंगलवार को हिमस्खलन के मलबे में एक महिला और एक पुरुष के शव मिले हैं.
हालांकि, दोनों की पहचान नहीं हो सकी है. ख़राब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों का अभियान जारी है.
उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की तीन नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक़, एनआईएम और एसडीआरएफ़ की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 7:30 बजे से लापता लोगों की संभावित लोकेशन पर तलाशी अभियान चलाया.
इस दौरान हिमस्खलन के मलबे में दबे महिला और पुरुष के शव दिखाई दिए. टीम ने काफ़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला. प्रशासन के मुताबिक़, शवों की पहचान नहीं हो पाई है.
रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तलाशी अभियान समाप्त कर टीम बेस कैंप लौट आई. अब बुधवार, चार नवंबर को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा.
प्रशासन के मुताबिक़, रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर एक वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया है, ताकि ज़रूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर की मदद ली जा सके. यह स्थान समुद्र तल से करीब 4,005 मीटर की ऊंचाई पर है.
ग़ौरतलब है कि सात ट्रेकर्स और एक स्थानीय गाइड 27 अक्तूबर को गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुए थे. भारी बर्फ़बारी और हिमस्खलन के बाद से वे लापता हैं.(bbc.com/hindi)


