मुख्यमंत्री साय ने किया सीबीजी प्लांट का निरीक्षण, धान खरीदी केंद्र में किसानों से संवाद
कर्मचारियों के लिए एआई प्रशिक्षण केंद्र और प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 16 नवंबर को बिलासपुर दौरा विकास, किसान कल्याण और आधुनिक शहरी सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने सेंदरी में कचरे से स्वच्छ ऊर्जा बनाने के लिए विकसित किए जा रहे कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट का निरीक्षण किया। धान खरीदी केंद्र पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इसके अलावा जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र तथा पुराना बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ की पहली शटल आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने सेंदरी में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा गोवर्धन योजना के तहत लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे सीबीजी प्लांट की प्रगति देखी। करीब 10 एकड़ में बन रहे इस संयंत्र में प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस कचरे का प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे लगभग 5 टन संपीड़ित बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद तैयार होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कचरे से ऊर्जा और खाद तैयार करने वाली परियोजनाएं स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग में मददगार होंगी। किसानों को जैविक खाद और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य में प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री सेंदरी धान खरीदी केंद्र भी पहुंचे। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटे की पूजा की और स्वयं धान तौलकर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। किसानों ने पारंपरिक तरीके से धान से तुलादान कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए खरीदी केंद्र खोले गए हैं, जिनमें बिलासपुर जिले के 14 केंद्र शामिल हैं। अब प्रदेश में खरीदी केंद्रों की संख्या लगभग 3100 हो गई है।
उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की पूरी मात्रा नहीं बेच पाने की स्थिति में भी सत्यापित रकबे के अनुसार 13,839 रुपये की पूरी इनपुट सहायता मिलेगी। उदाहरण के तौर पर 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को शेष 6 क्विंटल के अनुरूप सहायता राशि भी दी जाएगी। केंद्र में पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीदी हुई। यहां छह गांवों के 1,149 किसान पंजीकृत हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला कार्यालय में भारतीय स्टेट बैंक की बिलासपुर शाखा द्वारा सीएसआर के तहत स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। यहां सरकारी कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल कार्यप्रणाली, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का जिम्मेदारी से उपयोग प्रशासनिक कामकाज को सरल और प्रभावी बनाएगा। साथ ही सरकारी रिकॉर्ड और नागरिकों की निजी जानकारी की सुरक्षा भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने पुराने बस स्टैंड में लगभग 12.6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रदेश की पहली शटल आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण किया। पांच स्तरों वाली इस पार्किंग में एक साथ 80 चारपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
इसमें चार मंजिलों पर 20-20 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। वाहन चालक निर्धारित स्थान पर गाड़ी खड़ी कर बाहर निकल जाएंगे। इसके बाद स्वचालित लिफ्ट और रोबोटिक शटल वाहन को निर्धारित पार्किंग स्लॉट तक पहुंचाएगी। वाहन वापस लेने के लिए भी यही व्यवस्था काम करेगी। दो वाहन लिफ्ट, दो प्रवेश और दो निकास बे तथा अग्नि सुरक्षा और पावर बैकअप जैसी सुविधाएं इसमें उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहे।



