कांग्रेस नेता चुनावी हार की हताशा में दे रहे उलटे-सीधे बयान- मुख्यमंत्री साय

बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी दिए सकारात्मक संकेत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें फ्यूज बल्ब बताया। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस नेता हताश हैं और इसी निराशा में उलटे-सीधे बयान दे रहे हैं। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इस समस्या के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का साहस नहीं दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को उखाड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण उनकी सरकार ने किया है और इसके विकास की जिम्मेदारी भी उसी की है। विकास कार्यों के लिए बार-बार मांग करने की जरूरत नहीं है। बिलासपुर एयरपोर्ट का विकास भी उचित समय पर किया जाएगा।
नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के लोग लंबे समय से भय और हिंसा के माहौल से मुक्ति चाहते थे। सुरक्षा बलों ने साहस और समर्पण के साथ निर्णायक लड़ाई लड़ी है। अब बस्तर में शांति, विकास और विश्वास का नया रास्ता खुल रहा है। इसके लिए प्रदेशवासियों और सुरक्षा बलों को बधाई मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने धान खरीदी पर किसानों को मिलने वाली अंतर राशि और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े सवालों पर भी अपनी बात रखी।



