छत्तीसगढ़

सीएम ने जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का किया शुभारंभ

छत्तीसगढ़ संवाददाता
जशपुरनगर, 4 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में जशपुर पुलिस द्वारा संचालित हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट रखा गया है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस की यह अभिनव पहल शुरू की गई है।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया विधायक जशपुर रायमुनि भगत सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक गोमती साय,नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, प्रबल प्रताप सिंह जुदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्ण राय, सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह और अन्य जनप्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

जशपुर पुलिस ने संकल्प लिया है कि दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सिर पर हेलमेट अनिवार्य रूप से हो। आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों के वाहनों को जब्त किया जा रहा है। बिना चालान काटे, नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर वाहन छोड़ा जा रहा है। वहीं, अचानक किसी आवश्यक कार्य से निकलने वाले नागरिकों के पास समय या हेलमेट खरीदने के लिए पैसे नहीं होने की स्थिति में हेलमेट बैंक से उन्हें उधार हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा।

नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए हेलमेट को वापस करेंगे। इसके बदले उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए पुलिस के साथ एक छोटा सा सेवा कार्य करना होगा।

जशपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव सुनिश्चित करना है।
जशपुर पुलिस का संकल्प- हर हेड में हो हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button