मासूम बालक की हत्या का खुलासा, आरोपी बंदी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
जशपुर, 8 नवंबर। जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र में एक 4-5 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में पैसों के लालच में आकर इस घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
थाना सन्ना अंतर्गत ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी प्रार्थी रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 4-5 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र राम 5 नवंबर से लापता है। प्रार्थी परिवार सहित करीब एक वर्ष से आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था।
शिकायत के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह प्रार्थी का ममेरा भाई और ग्राम गोर्रापाठ निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर आया था। वह प्रार्थी और एक अन्य व्यक्ति को शराब पीने के बहाने साथ ले गया था। बाद में जब प्रार्थी वापस लौटा, तो उसका बेटा घर पर नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर पता चला कि बच्चे को आखिरी बार आरोपी बासुदेव के साथ देखा गया था।
7 नवंबर की सुबह खोजबीन के दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी के अंदर कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ मासूम का शव बरामद हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सन्ना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1), और 238(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी मजदूरी की आय से संतुष्ट नहीं था और जल्दी व अधिक पैसे कमाने के शॉर्टकट तलाश रहा था। इसी लालच में उसने सोशल मीडिया पर गलत तरीकों का अध्ययन किया और बच्चे के अंगों को बेचने की कुत्सित योजना बनाई।
योजना के तहत, आरोपी ने 5 नवंबर को बहला-फुसलाकर मासूम जितेन्द्र को अपने साथ अलग-अलग स्थानों पर घुमाया और बाद में उसे शराब पिलाई। बच्चा जब नशे में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने क्रूरता की हदें पार करते हुए शव के कुछ अंग अलग किए और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरी में भरकर खेत के गड्ढे में दबा दिया।
बरामदगी एवं वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर निम्नलिखित सामग्रियां और साक्ष्य बरामद किए हैं:
मृतक मासूम बालक का शव (विधिपूर्वक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया)
हत्या में प्रयुक्त चाकू और फावड़ा
मृतक के शरीर से अलग किए गए अंगों को रखने के लिए प्रयुक्त प्लास्टिक बाल्टी
आरोपी का मोबाइल फोन
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव और उनकी टीम के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।



