छत्तीसगढ़

कोरबा एसपी कार्यालय के केबिन में निकला सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

विषहीन होता है करैत जैसा दिखने वाला कॉमन वुल्फ स्नेक

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 5 नवंबर। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एक केबिन में बुधवार को सांप मिलने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग के मार्गदर्शन में रैपिड केयर एंड रेस्क्यूअर सोसायटी (आरसीआरएस) की टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

सूचना मिलते ही आरसीआरएस अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस और अतुल के साथ मौके पर पहुंचे। केबिन की सावधानीपूर्वक तलाशी के बाद टीम सदस्य बॉबी श्रीवास ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान कर्मचारियों और मौजूद लोगों को सांप से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई।

रेस्क्यू टीम के मुताबिक सांप कॉमन वुल्फ स्नेक था। इसकी बनावट करैत जैसी होने के कारण लोग अक्सर इसे जहरीला समझ लेते हैं, जबकि यह विषहीन होता है।

टीम ने अपील की कि घर, खेत, कार्यालय या अन्य जगह सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। सांप चूहों की आबादी नियंत्रित कर पर्यावरण और फसलों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button