छत्तीसगढ़

धान खरीदी की दुरुस्त तैयारी करने और आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

जिला प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ की समीक्षा बैठक

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 5 नवंबर। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव और जिला प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ ने बुधवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। सचिव ने खरीदी केंद्रों में समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा। किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ खरीदी के नियमों का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। किसान पंजीयन और समितियों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

हालिया आंधी-तूफान से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत देने के निर्देश दिए गए। सचिव ने कृषि विभाग को धान के अलावा दूसरी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को फसल विविधीकरण के लाभ बताने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में वर्ष 2024-26 के दौरान 56,284 आवास पूरे किए गए हैं। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि आवास निर्माण में बिलासपुर राज्य में दूसरे स्थान पर है। आवास प्लस 2.0 सर्वे में जिला पहले स्थान पर है। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 959 आवासों में से 803 पूरे हो चुके हैं।

खनिज विभाग की समीक्षा में सचिव ने अवैध खनन और उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई तथा सतत निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत में तेजी लाने के साथ शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान तलाशने पर भी जोर दिया।

सचिव ने कहा कि योजनाओं की सफलता आंकड़ों से नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में आए बदलाव से तय होनी चाहिए। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button