छत्तीसगढ़

तलाक में बच्चा बाधा न बने, इसलिए कराया गर्भपात, पति और अस्पताल संचालक पर केस

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 17 नवंबर। तलाक लेने में बच्चा बाधा न बने, इस मंशा से पति द्वारा डॉक्टर के साथ मिलकर अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी का कथित तौर पर बिना सहमति गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी अस्पताल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी सुयश अग्रवाल की शादी 26 अप्रैल 2026 को सरसींवा निवासी आकांक्षा अग्रवाल से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति तलाक की बात करने लगा था। गर्भवती होने के बाद उसे आशंका हुई कि बच्चे के जन्म से तलाक लेने में परेशानी हो सकती है।

आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि पति पहले उसे अपोलो अस्पताल ले गया था, लेकिन वहां गर्भपात नहीं हुआ। इसके बाद 13 नवंबर को नियमित जांच कराने के बहाने गणेश नगर स्थित जेपी अस्पताल ले गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे इंजेक्शन देकर बेहोश किया गया। बेहोशी की हालत में उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया।

होश आने पर पति ने बताया कि बच्चे की धड़कन कमजोर हो गई थी। अगले दिन 14 नवंबर को पीड़िता अपनी मां और भाइयों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अब अपोलो और जेपी अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड तथा उपचार से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पड़ताल की जा रही है कि पीड़िता से किन परिस्थितियों में हस्ताक्षर कराए गए और गर्भपात की प्रक्रिया के लिए आवश्यक सहमति ली गई थी या नहीं।

मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि कुछ निजी अस्पतालों में मरीजों से खाली कागजों या अंग्रेजी में लिखे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए जाते हैं, जिनका पूरा अर्थ मरीज को समझ में नहीं आता। पुलिस इस मामले में अस्पताल के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button