आयुष्मान योजना में गड़बड़ी, हॉस्पिटल का पंजीयन एक साल के लिए निलंबित

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 7 नवंबर। जिले के कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज में अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल का योजना के अंतर्गत पंजीयन एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान अस्पताल नए मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत भर्ती नहीं कर सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 30 सितंबर 2026 को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। जांच में मरीजों के परिजनों से नकद राशि लेने, भर्ती रिकॉर्ड में गलत मोबाइल नंबर दर्ज करने और नवजात बच्चों के इलाज में अनियमितताओं के मामले सामने आए।
अस्पताल की भर्ती फाइलों में दर्ज 68 मोबाइल नंबर गलत या बंद पाए गए। इसके अलावा पैथोलॉजी और सोनोग्राफी सेवाओं से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच टीम को उपलब्ध नहीं कराए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। प्रबंधन के जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए। मरीजों के रिकॉर्ड और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में वित्तीय और प्रक्रियागत गड़बड़ियां भी सामने आईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केशरी के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की जुलाई 2026 की गाइडलाइन के खंड 6.4.1 के तहत अस्पताल का पंजीयन एक साल के लिए निलंबित किया गया है। अस्पताल परिसर से आयुष्मान योजना से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।



