छत्तीसगढ़

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले कटघोरा में 250 बोरी धान जब्त

तीन गोदामों पर छापेमारी, बिचौलियों के जरिए खपाने की आशंका

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा,7 नवंबर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कटघोरा में तीन अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान 250 बोरी मोटा धान जब्त किया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के मार्गदर्शन में संयुक्त उड़नदस्ता दल ने यह कार्रवाई की।

जांच के दौरान दिलीप अग्रवाल के गोदाम से 75 बोरी, यतीश जायसवाल के गोदाम सह निवास से 50 बोरी और पवन अग्रवाल के गोदाम से 125 बोरी धान बरामद किया गया।

जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होनी है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ बिचौलिए पहले से धान जमा कर रहे हैं, ताकि बाद में किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य का लाभ लिया जा सके।

जब्त धान के संबंध में कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अवैध भंडारण, बिना अनुमति परिवहन और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button