छत्तीसगढ़

केदारताल में लापता आठ लोगों का अब तक नहीं मिला सुराग

-आसिफ़ अली

उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में केदारताल ट्रेक पर लापता हुए सात ट्रेकर्स और एक स्थानीय गाइड का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

सोमवार को हेलीकॉप्टर और पैदल तलाशी अभियान चलाने के बावजूद उनका पता नहीं चला. हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के पास टेंट और बैग मिले हैं.

ये सभी 27 अक्तूबर को वन विभाग से अनुमति लेकर गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुए थे. दल में पश्चिम बंगाल के पांच, उत्तर प्रदेश के दो ट्रेकर्स और उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल हैं. इनकी वापसी 29 अक्तूबर को प्रस्तावित थी.

ज़िला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रैकिंग एजेंसी के संचालक ने 30 अक्तूबर को शाम 6:39 बजे घटना की सूचना दी थी. ज़िला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट में इसी दिन रात करीब 10 बजे सूचना मिलने का उल्लेख है.

भारी बर्फ़बारी और हिमस्खलन के कारण ये आठ लोग करीब चार हज़ार मीटर की ऊंचाई पर फंस गए थे.

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि सोमवार को एसडीआरएफ़ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की संयुक्त टीम को हेलीकॉप्टर से उसी जगह उतारा गया, जहां सुरक्षित लौटे एक पोर्टर की मदद से लापता दल के होने की संभावना जताई गई थी.

डीएम के मुताबिक़, माउंटेन रेस्क्यू टीम के 10 सदस्य घटनास्थल पर तैनात हैं. टीम ने सोमवार को तलाशी अभियान चलाया और रात वहीं रुकी हुई है. मौसम अनुकूल रहने पर मंगलवार सुबह फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.

डीएम ने बताया कि घटनास्थल पर गहरी खाई होने के कारण हेलीकॉप्टर को सीधे उतारना संभव नहीं है. इसलिए रेस्क्यू टीम को हेलीड्रॉपिंग के ज़रिए वहां पहुंचाया गया.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button