टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने और कम अंक देने की धमकी का आरोप, प्रोफेसर बंदी

छत्तीसगढ़संवाददाता
कांकेर, 29 अक्टूबर। टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 27 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कृषि महाविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत पियूष कान्त नेताम (49) कोंडागांवने 25 सितंबर को टेलीग्राम के माध्यम से उसे अश्लील वीडियो भेजा था। वीडियो खोलने पर अश्लील सामग्री दिखाई देने के कारण उसने तत्काल उसे बंद कर दिया।
प्रार्थिया ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उससे अश्लील बातें करता था। प्रोफेसर होने के कारण वह शुरुआत में उसकी बातों को नजरअंदाज करती रही, लेकिन अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 75(2), 75(3), 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कृषि महाविद्यालय परिसर में मौजूद है। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया। उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।



