सेवा संकल्प अभियान: केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल महाविद्यालय में किया पौधारोपण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को पलवल स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान हरियाणा के खेल राज्य मंत्री एवं पलवल विधायक गौरव गौतम भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों का महाविद्यालय परिसर में स्वागत किया।
नमो वाटिका में पौधारोपण
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने महाविद्यालय की नमो वाटिका में पौधारोपण किया। उन्होंने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहते हुए उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
गौरव गौतम ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री की ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ स्वच्छ और हरित समाज के संकल्प को मजबूती देती है।
अभियान के तहत चल रही गतिविधियां
कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित है। देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, चित्रकला, भाषण, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, सेवा सेतु शिविर, रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सामाजिक सेवा, जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा देना है। स्वच्छता किसी एक विभाग या कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं है। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना और कूड़े का उचित निस्तारण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में शामिल रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, वरिष्ठ भाजपा नेता सतबीर सिंह पटेल, नगर परिषद पलवल चेयरमैन डॉ. यशपाल, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, डीएफओ सुरेश कुमार पुनिया और वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



