ताजा खबर

आरंग में कल सजेगा भव्य दशहरा उत्सव, 32 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन

रामकुमार गुप्ता आरंग :  राजा मोरध्वज की नगरी आरंग में विजयादशमी पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पालिका परिषद आरंग के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 स्थित हाई स्कूल दशहरा मैदान में मंगलवार, 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर बुराई के प्रतीक 32 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। साथ ही आकर्षक आतिशबाजी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव को यादगार बनाया जाएगा।

इस भव्य आयोजन में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के मार्गदर्शन तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी राम सजीवन सोनवानी के दिशा-निर्देशों में दशहरा मैदान की साफ-सफाई, साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। नगर पालिका द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नागरिकों को सुव्यवस्थित वातावरण में दशहरा उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिले।

धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय हुआ नगर

इधर, नवरात्रि और विजयादशमी के अवसर पर आरंग में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है। इस वर्ष अष्टमी और नवमी तिथियों के एक ही दिन पड़ने के कारण सुबह से ही मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन-पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ ज्योत-जंवारा विसर्जन का सिलसिला भी शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और उत्साह से पूरा नगर भक्तिमय नजर आ रहा है।

नगरवासियों से शामिल होने की अपील

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने आरंग के समस्त नागरिकों से हाई स्कूल दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य दशहरा उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से इस पारंपरिक पर्व को आपसी सौहार्द, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया।

रावण दहन के साथ आरंग में बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश गूंजेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आतिशबाजी और सामूहिक उत्सव के बीच नगरवासी विजयादशमी के इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाएंगे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button