नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले गया रायपुर, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 9 अक्टूबर। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में तारबाहर पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लड़की को आरोपी के किराये के मकान से बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 9 मई 2026 की शाम बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों को उसके अपहरण की आशंका थी। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि लड़की रायपुर में किराये के मकान में रह रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम रायपुर रवाना की गई। वहां से लड़की को बरामद कर लिया गया और आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87 और 64(2)(d) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



