पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने दी दिवाली की शुभकामनाएं

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर शहबाज़ शरीफ़ के संदेश को पोस्ट किया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, इस खुशी और शुभ अवसर पर मैं दुनिया भर के हिंदू समुदाय, खासकर पाकिस्तान में रहने वाले लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. दिवाली नफ़रत, असहिष्णुता और निराशा के अंधकार पर रोशनी की जीत का प्रतीक है. रोशनी का यह त्योहार मानवीय संबंधों और सामाजिक जीवन में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का गहरा संदेश देता है.
पाकिस्तान का हिंदू समुदाय हमारे राष्ट्रीय ताने-बाने का एक अहम और अभिन्न हिस्सा है. देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में उसका अमूल्य योगदान सराहनीय है. हमारे समाज में मौजूद अलग-अलग सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं हमारी सामाजिक विरासत की अनमोल धरोहर हैं. पाकिस्तान को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता पर गर्व है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, पाकिस्तान का संविधान अल्पसंख्यकों के धार्मिक और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी देता है. सरकार धर्म, आस्था, रंग या जातीयता की परवाह किए बिना सभी नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. धार्मिक सद्भाव, आपसी एकता और सम्मान को बढ़ावा देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है.
मुझे उम्मीद है कि दिवाली मनाने वाले सभी पाकिस्तानी हिंदू इस खुशी के अवसर की रंग-बिरंगी और उत्सव से जुड़ी परंपराओं का भरपूर आनंद लेंगे और समाज के साथ शांति, सद्भावना, खुशी, समृद्धि और उम्मीद का संदेश साझा करेंगे. दिवाली के इस खुशी के अवसर पर हिंदू समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं.(bbc.com/hindi)



