छत्तीसगढ़

पोलैंड: गोलीबारी में मरने वालों की संख्या छह हुई, हमलावर के घर से मिले तीन शव

-फ़्लोरेंस फ़्रीमैन और एमर मोरीयू

पोलैंड के क्राको शहर के मेन मार्केट स्क्वायर में गोलीबारी की घटना में अब तक छह लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.

मारे गए लोगों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. मरने वालों में एक ब्रिटिश नागरिक भी है. तीन मृतक पोलैंड के नागरिक हैं, जबकि दो की पहचान नहीं हो पाई है.

16 लोगों को अस्पताल ले जाया गया. इनमें पांच विदेशी नागरिक, दो पुलिस अधिकारी और हमलावर शामिल हैं. गृह मंत्रालय ने बाद में बताया कि घायलों में ऑस्ट्रिया, ब्रिटेन, जर्मनी, पुर्तगाल और रूस के नागरिक शामिल हैं.

घटनास्थल शहर का व्यस्त केंद्रीय इलाका है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.

इस घटना को अंजाम देने वाले बंदूकधारी के संबंध कथित तौर पर दक्षिणपंथी चरमपंथियों से होने का संदेह है.

पुलिस ने बंदूकधारी के घर की तलाशी ली तो वहां तीन शव मिले.

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि स्थानीय समय के मुताबिक़ शनिवार दोपहर क़रीब 3 बजे एक व्यक्ति अपनी कार से स्क्वायर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी करने लगा.

घटनास्थल के फुटेज में लोग जान बचाकर भागते दिखाई दे रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही सशस्त्र पुलिसकर्मी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचे और संदिग्ध के साथ गोलीबारी शुरू हो गई. अधिकारियों ने बताया कि हमले के तीन मिनट के भीतर ही संदिग्ध की गोली लगने से मौत हो गई.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button