छत्तीसगढ़

प्रसव के दौरान माँ और बच्चे को मौत

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 27 नवंबर। बालोद जिले के नगर पंचायत पलारी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना से पीडि़त परिवार सदमे में है। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ और चिकित्सक पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

बेदबाई साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। मृतका के पति तीरथ साहू ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कोई अनुभवी डॉक्टर नहीं था। उन्होंने डॉक्टर को लगातार फोन किया, लेकिन उन्होंने इमरजेंसी न होने की बात कहकर टाल दिया। इस बीच, ड्यूटी पर तैनात नर्स ने जिद कर स्वयं प्रसव कराया, जिससे नवजात की मौत हो गई।

तीरथ साहू ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद उन्होंने पत्नी को हायर सेंटर रेफर करने की मिन्नतें कीं। लेकिन डॉक्टर ने महिला को स्वस्थ बताकर रेफर करने से मना कर दिया। बाद में जब महिला की हालत बिगडऩे लगी, तो परिजन उसे धमतरी ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिवार के मुखिया महेश साहू ने अस्पताल की लापरवाही को परिवार उजडऩे का कारण बताया।

मामले में चिकित्सक डॉ. सुनील देवांगन ने किसी भी लापरवाही से साफ इंकार किया है। डॉ. देवांगन ने कहा कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर नहीं हैं। इसलिए ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ को ही डिलीवरी करानी पड़ती है।

उन्होंने बताया कि नर्स द्वारा प्रसव और बच्चे की मौत के बाद उन्हें जांच के लिए बुलाया गया था। जांच में बच्चा मृत पाया गया, जिसकी सूचना परिजनों को दी गई थी। डॉ. देवांगन के अनुसार, उस समय प्रसूता स्वस्थ थी, इसलिए उसे हायर सेंटर नहीं भेजा गया। अस्पताल में पहले एक एमबीबीएस डॉक्टर था, जो अब बीएमओ के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में अस्पताल में केवल एक शिफ्ट का स्टाफ है, जिनसे 24 घंटे काम लिया जा रहा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button