ईरान पर परमाणु हथियार के इस्तेमाल करने के सवाल पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने की संभावना से भी इनकार किया है.
न्यूज़मैक्स को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, मैं परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करूंगा. हमें ऐसा करने की ज़रूरत नहीं है.
ट्रंप ने इस दौरान मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स का भी ज़िक्र किया. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरान पर संभावित हमलों के लिए इस बेहद शक्तिशाली बम के इस्तेमाल पर विचार किया जा सकता है. ट्रंप ने इसे गैर-परमाणु हथियार बताते हुए कहा, यह एक बहुत बड़ा बम है, लेकिन परमाणु बम नहीं है.
इसके अलावा, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका परमाणु निरस्त्रीकरण के मुद्दे पर रूस और चीन के साथ बातचीत कर रहा है.
गौरतलब है कि अमेरिका में जल्द ही मिडटर्म चुनाव होने वाले हैं, हाल के सर्वेक्षणों में ईरान युद्ध के चलते ट्रंप की लोकप्रियता कम हुई है. (bbc.com/hindi)



